रायगढ़/कोरबा। रायगढ़ नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित एक गरिमामय समारोह में देशभर से चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं को राष्ट्रीय शिक्षा सम्मान से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत की ओर से आयोजित कार्यक्रम में देशभर के करीब 1500 शिक्षक-शिक्षिकाओं में से चयनित 200 शिक्षकों को उनके नवाचारी शैक्षिक कार्यों, शाला विकास, सामुदायिक सहभागिता और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

इस सम्मान समारोह में कोरबा जिले के सर्वेश सोनी, राकेश कौशिक, तीज पटेल, मनोज प्रधान, देवराज, श्रीमती प्रिया दुबे, श्रीमती सीमा साहू एवं श्रीमती अभिलाषा अवस्थी को भी उनके उल्लेखनीय शैक्षिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में कोरबा जिले की ओर से सर्वेश सोनी ने अपने विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में लगातार पौधारोपण, पौधों के संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान सहित विभिन्न पर्यावरणीय गतिविधियों का उल्लेख करते हुए बताया कि विद्यालय में लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में पौधारोपण के लिए उपलब्ध स्थान भी लगभग भर चुका है।

शिक्षकों की भूमिका को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

कार्यक्रम का संचालन देवेन्द्र पंड्या एवं विजया पंड्या ने किया। राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में राष्ट्र का सम्मान है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की भूमिका और उनके निरंतर प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।विशिष्ट अतिथि गुणनिधि पाणिग्रही ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की सतत भागीदारी पर जोर दिया। कार्यक्रम में शिक्षकों से समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निरंतर निभाने का आह्वान किया गया।

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने शिक्षकों की भूमिका को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ते हुए उन्हें चाणक्य, सांदीपनि, वशिष्ठ और वाल्मीकि जैसे आचार्यों की परंपरा से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन के बाद आयोजन समिति एवं सभी आगंतुक सामूहिक भोज में शामिल हुए। कोरबा जिले के शिक्षकों का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में जिले के शिक्षक-शिक्षिकाओं को पहले भी विभिन्न मंचों पर सम्मान मिल चुका है।इस अवसर की एक खास बात यह भी रही कि शिक्षक सर्वेश सोनी के जन्मदिन के अवसर पर उनका सम्मान हुआ। सम्मान समारोह के बाद कोरबा से पहुंचे शिक्षकों ने कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध सत्यनारायण बाबा के दर्शन किए और कार में ही जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। सम्मान, जन्मदिन और धार्मिक दर्शन के इस संयोग ने रायगढ़ यात्रा को सभी के लिए यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!