गेवरा/कोरबा। एसईसीएल गेवरा परियोजना के अंतर्गत SILO एवं CHP निर्माण कार्य में कार्यरत बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के करीब 150 ठेका श्रमिकों ने वेतन भुगतान में देरी के विरोध में शुक्रवार को गेवरा श्रमिक चौक पर लगभग छह घंटे तक प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन और एसईसीएल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द भुगतान की मांग की।
श्रमिकों के अनुसार वेतन नहीं मिलने के कारण पिछले पांच दिनों से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है।प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने बताया कि करीब दो माह पहले वे अपनी मांगों को लेकर एसईसीएल गेवरा के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) कार्यालय पहुंचे थे। उस समय एरिया पर्सनल मैनेजर (APM), कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच यह सहमति बनी थी कि प्रत्येक माह 7 से 10 तारीख के बीच वेतन का भुगतान किया जाएगा।
श्रमिकों का आरोप है कि इस माह भी तय समय पर भुगतान नहीं किया गया।श्रमिकों का कहना है कि जुलाई-अगस्त के दौरान बच्चों की पढ़ाई, कृषि कार्य, बिजली बिल, गैस सिलेंडर और घरेलू खर्च बढ़ जाते हैं। ऐसे समय में वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।प्रदर्शन में शामिल श्रमिकों ने आरोप लगाया कि 10 तारीख को कंपनी प्रबंधन ने सोमवार से बुधवार के बीच भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद जब दोबारा संपर्क किया गया तो कथित तौर पर उन्हें कहा गया कि “जब पेमेंट आएगा, तब काम पर आना।” इस जवाब के बाद श्रमिकों में आक्रोश और बढ़ गया।प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन के कारण यदि परियोजना के कार्य या उत्पादन पर कोई असर पड़ता है, तो इसकी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और संबंधित प्रबंधन की होगी।श्रमिकों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन की प्रतिलिपि दीपका थाना, CISF गेवरा तथा कटघोरा विधायक कार्यालय को भी भेजी गई है।

