कोरबा। पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत बोईदा से अयोध्या धाम दर्शन के लिए 10 श्रद्धालुओं का दल रवाना हुआ। यात्रा से पहले विधायक प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा एवं ग्राम पंचायत बोईदा के सरपंच संजय राज ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।इस अवसर पर दुष्यंत शर्मा ने कहा कि अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करना आस्था और सौभाग्य का विषय है। धार्मिक यात्राएं हमारी संस्कृति एवं परंपराओं को मजबूत करने के साथ लोगों में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान आपसी सहयोग बनाए रखने और सुरक्षित दर्शन कर वापस लौटने की शुभकामनाएं दीं।वहीं, सरपंच संजय राज ने कहा कि अयोध्या धाम दर्शन का अवसर श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है। श्रीरामलला के दर्शन से लोगों को आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत बोईदा से अब तक 19 दलों को अयोध्या धाम दर्शन कराया जा चुका है, जो सकुशल वापस लौट चुके हैं। ग्रामीणों को धार्मिक एवं पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेगा।अयोध्या धाम रवाना हुए श्रद्धालुओं ने यात्रा को लेकर खुशी जताई और पहली बार श्रीरामलला के दर्शन का अवसर मिलने पर उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने इस धार्मिक यात्रा का अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरपंच संजय राज एवं विधायक प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा का आभार जताया।यात्रा दल में रनकुंवर, शांति बाई, सिरमत बाई, कुमारी बाई, गंगोत्री, श्यामा बाई, मुकली बाई, हरेलिपा बाई और शिवकुमारी यादव सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। ग्रामीणों ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सकुशल यात्रा की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!