गेवरा-दीपका। दीपका-हरदी बाजार बाईपास मार्ग, थाना चौक और कॉलोनी प्रवेश मार्ग पर भारी ट्रेलरों की अवैध पार्किंग से स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर बेतरतीब ढंग से खड़े ट्रेलरों के कारण प्रतिदिन कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है, जिससे आम नागरिकों, कर्मचारियों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं रायगढ़ प्रभारी रजनीश तिवारी ने दीपका थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सड़क पर अवैध रूप से खड़े ट्रेलरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की।ज्ञापन में कहा गया है कि कोयला परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों में लगे भारी ट्रेलर सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर लंबे समय तक खड़े रहते हैं। इससे सुबह और शाम के व्यस्त समय में कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है और लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ता है।

रजनीश तिवारी ने बताया कि दीपका-गेवरा क्षेत्र कोयला खदानों और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में मुख्य मार्ग पर ट्रेलरों की अवैध पार्किंग यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क के बड़े हिस्से पर भारी वाहनों के कब्जे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, विशेषकर रात के समय और मोड़ों के आसपास दृश्यता कम होने से राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों को अधिक जोखिम उठाना पड़ता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद यातायात पुलिस और स्थानीय थाना स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ट्रेलर चालकों के हौसले बुलंद हैं।ज्ञापन में मांग की गई है कि भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग यार्ड की व्यवस्था की जाए, मुख्य सड़कों और नो-पार्किंग जोन में ट्रेलर खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा पीक आवर्स के दौरान भारी वाहनों के आवागमन और पार्किंग पर प्रभावी प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि आम लोगों को जाम और दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!