कोरबा। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) कोरबा जिला का अभ्यास वर्ग रविवार को ग्राम सतरेंगा में सम्पन्न हुआ। अभ्यास वर्ग में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 150 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा एवं गतिविधियों से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त किया।अभ्यास वर्ग का शुभारंभ प्रातः 9 बजे कार्यकर्ताओं के पंजीयन के साथ हुआ।
इसके पश्चात प्रार्थना एवं शारीरिक शिक्षा के अंतर्गत व्यायाम आदि का आयोजन किया गया। अल्पाहार के बाद तीन सत्रों में बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रथम सत्र प्रदेश सहमंत्री भैया विजय राठौर, द्वितीय सत्र जिला मंत्री चेतन राठौर तथा तृतीय सत्र बजरंग दल कोरबा जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने लिया।अभ्यास वर्ग में दीपका नगर से विहिप एवं बजरंग दल के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
इस दौरान जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह की उपस्थिति में दीपका नगर के वरिष्ठ एवं ऊर्जावान कार्यकर्ता विकास सिन्हा को प्रदेश सहमंत्री विजय राठौर द्वारा कोरबा जिला धर्म प्रसार प्रमुख का दायित्व सौंपा गया।इसी क्रम में दीपका नगर के निर्दलीय पार्षद निशु तिवारी को विश्व हिंदू परिषद दीपका नगर का नगर सह मंत्री नियुक्त किया गया। वहीं बजरंग दल जिला संयोजक राणा मुखर्जी द्वारा अभिषेक मिश्रा को बजरंग दल दीपका नगर सह संयोजक, आकाश पाण्डे को नगर सुरक्षा प्रमुख, राजेश सोनी को नगर गौ रक्षा प्रमुख तथा विनायक उपाध्याय को नगर विद्यार्थी प्रमुख का दायित्व सौंपा गया।
अभ्यास वर्ग के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे अन्य कार्यकर्ताओं को भी प्रखंड संयोजक, वार्ड संयोजक सहित विभिन्न संगठनात्मक दायित्व प्रदान किए गए।अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं को संगठन के विस्तार, सामाजिक गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला।

