कोरबा/गेवरा। एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में वर्ष 2026 के प्रस्तावित श्रम संघ सदस्यता सत्यापन को लेकर कोयला मजदूर पंचायत ने प्रबंधन के समक्ष महत्वपूर्ण मांग रखी है। संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष रेशम लाल यादव की ओर से मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर सदस्यता सत्यापन की प्रक्रिया को कोड ऑन वेजेज, 2019 एवं कोड ऑन वेजेज (सेंट्रल) रूल्स, 2026 के प्रावधानों के अनुरूप संचालित करने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पूर्व में विभिन्न श्रमिक संगठनों की सदस्यता राशि वेतन से काटी जाती रही है, लेकिन अब नए श्रम कानून लागू होने के बाद सदस्यता सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार कराई जानी चाहिए।संगठन ने मांग की है कि 31 अगस्त 2026 तक सभी कर्मचारियों से नए सदस्यता प्राधिकरण पत्र भरवाए जाएं और उसी के आधार पर सदस्यता सत्यापन एवं सदस्यता शुल्क की कटौती की प्रक्रिया पूरी की जाए। संगठन का कहना है कि इससे सदस्यता सत्यापन पारदर्शी होगा और नए श्रम कानूनों का भी पालन सुनिश्चित होगा।
कोयला मजदूर पंचायत ने ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया है कि इस संबंध में लिए जाने वाले निर्णय और की गई कार्रवाई से संगठन को अवगत कराया जाए। संगठन ने उम्मीद जताई है कि एसईसीएल प्रबंधन श्रम कानूनों के अनुरूप आवश्यक कदम उठाते हुए सदस्यता सत्यापन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराएगा।

