दीपका, क्षेत्र में इन दिनों बिजली की आंख-मिचौली से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लगातार हो रही अघोषित कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दिन हो या रात, कभी भी बिजली गुल हो जा रही है। खासकर गर्मी के इस मौसम में हालात और भी खराब हो गए हैं। बिजली कटौती के कारण न केवल घरेलू काम प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि छोटे व्यवसाय और दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कई इलाकों में हर घंटे बिजली आने-जाने की समस्या बनी हुई है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। विभाग की ओर से तकनीकी समस्या और बढ़ते लोड को कारण बताया जा रहा है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आई है।
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए और अघोषित कटौती पर रोक लगाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस समस्या का समाधान करते हैं या दीपका वासी यूं ही बिजली की आंख-मिचौली झेलते रहेंगे।

