कोरबा | गेवरा कोल इंडिया एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के लंबित 12वें वेतन समझौते (JBCCI-12) को लेकर श्रमिक संगठनों ने आंदोलन तेज कर दिया है। गुरुवार को एसईसीएल गेवरा क्षेत्र की विभिन्न खदानों के गेट पर संयुक्त केंद्रीय श्रमिक संगठनों द्वारा गेट मीटिंग आयोजित कर कर्मचारियों को आंदोलन और मांगों की जानकारी दी गई।इस दौरान एचएमएस, एटक, इंटक और सीटू के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

श्रमिक संगठनों ने कहा कि JBCCI-12 की वार्ता समिति का अब तक गठन नहीं होने से लाखों कर्मचारियों में असंतोष है। संगठनों ने केंद्र सरकार और कोल इंडिया प्रबंधन से तत्काल वार्ता समिति गठित कर नियमित बातचीत शुरू करने तथा समयबद्ध तरीके से 12वें वेतन समझौते को अंतिम रूप देने की मांग की।इससे पहले संयुक्त केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने 1 जुलाई 2026 को केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री के नाम महाप्रबंधक, एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि वेतन समझौते में हो रही देरी कर्मचारियों के हितों के विपरीत है तथा इससे औद्योगिक सौहार्द भी प्रभावित हो सकता है।श्रमिक नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही वार्ता समिति का गठन कर वेतन समझौते की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!