दीपका/बिलासपुर | केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की सतर्कता से दीपका खदान क्षेत्र में चोरी की एक वारदात का पर्दाफाश हुआ है। कार्रवाई के दौरान चोरी किए गए तीन रोलर बरामद किए गए हैं, जबकि एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया है। मामले में चार अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 29 जून 2026 को सुबह करीब 5:15 बजे दीपका माइन्स एरिया के बेल्ट नंबर-15 स्थित ACB क्रॉसिंग पर ड्यूटी पर तैनात CISF के एक जवान ने एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में रोलर ले जाते हुए देखा। जवान ने तत्काल मुस्तैदी दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसे त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) के हवाले कर दिया।पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर WB-27 क्षेत्र के पास से चोरी के कुल तीन रोलर बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश दास (पिता- दीपेश दास), निवासी बेल्टिकरी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने इस चोरी में चार अन्य लोगों के शामिल होने की भी जानकारी दी है। इसके आधार पर CISF और संबंधित एजेंसियां अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।CISF ने बताया कि जवान की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और प्रभावी कार्रवाई के चलते चोरी की वारदात का समय रहते खुलासा हो सका और चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!