हरदी बाजार/कोरबा। SECL दीपका प्रबंधन द्वारा हरदी बाजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को शुक्रवार तड़के भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध जताया, लेकिन प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में स्वास्थ्य केंद्र को तोड़ने की कार्रवाई पूरी कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक, SECL दीपका क्षेत्र में विस्तार और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रिया के तहत हरदी बाजार क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को हटाने की कार्रवाई की गई। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में पुलिस जवानों और प्रशासनिक अधिकारियों का दल मौके पर पहुंचा, जिसके बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की गई।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को ध्वस्त किए जाने का स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों का कहना था कि प्रभावित परिवारों को उनके मकानों और संपत्तियों का पूरा मुआवजा मिलने सहित अन्य मांगों का समाधान किए बिना इस तरह की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।

इस मामले में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने भी दो दिन पूर्व संबंधित मकानों को पूरा मुआवजा दिए बिना नहीं तोड़ने की अपील की थी। विधायक की अपील के बावजूद शुक्रवार सुबह प्रशासनिक अमला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के बाद क्षेत्र में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों को लेकर असंतोष की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा और पुनर्वास संबंधी अधिकार सुनिश्चित किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!