
दीपका/कोरबा। कोरबा जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत दीपका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। निर्माणाधीन रेलवे लाइन से केबल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन रेलवे लाइन से करीब 200 किलोग्राम केबल चोरी होने की शिकायत थाना दीपका में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश की।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया केबल और बिक्री से प्राप्त 5 हजार रुपये नगद बरामद किया है।
सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है और जांच जारी है।
कोरबा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि रेलवे या सार्वजनिक संपत्ति से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।

