कोरबा | गेवरा
एसईसीएल की गेवरा खदान में डीजल चोरी के प्रयास को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की सतर्कता ने विफल कर दिया। सीआईएसएफ की क्विक रिएक्शन टीम (QRT) ने मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उनके अन्य साथी वाहन सहित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, 28 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम गेवरा खदान क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान गणेश डंपिंग क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक 911 के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जैसे ही सीआईएसएफ जवान मौके पर पहुंचे, कुछ आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए, जबकि दो लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल सिंह कंवर (24 वर्ष), निवासी पिंजरी झाबर और ओम प्रकाश (30 वर्ष), निवासी चेतमा, पाली रोड के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से डीजल निकालने में इस्तेमाल होने वाला पाइप और करीब 60 लीटर डीजल बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में डीजल चोरी के प्रयास की पुष्टि होने पर दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दीपका थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
सीआईएसएफ ने कहा है कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों और राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा के लिए लगातार सतर्क निगरानी रखी जा रही है। इसी सतर्कता के चलते समय रहते चोरी की इस वारदात को विफल कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सका।

