
दीपका | कोरबा थाना दीपका पुलिस ने कोयला गिराने की पुरानी रंजिश को लेकर हुए मारपीट मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कटघोरा जेल भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना दीपका में दर्ज अपराध क्रमांक 188/2026 में धारा 109(1), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
घटना 22 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है। प्रार्थी राहुल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान क्रांति दुकान के पास आरोपी चन्दन सिंह और राहुल सिंह अपने अन्य साथियों के साथ कार से पहुंचे और उसे गिराकर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की।
आसपास लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक ने इलाज कराने के बाद थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी चन्दन सिंह (25 वर्ष) राहुल सिंह (24 वर्ष)दोनों निवासी मानियाराडीह थाना नबीनगर जिला औरंगाबाद (बिहार), हाल मुकाम झाबर थाना दीपका जिला कोरबा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से भी निकाल दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
गौरतलब है कि यह मामला पहला नहीं है जब कोयले के मामले को लेकर मारपीट की घटना सामने आई हो इस तरह के मामले में कड़ी कार्रवाई होनी आवश्यक है ताकि इस तरह के लोगों पर लगाम लग सके।

