दीपका/केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई, एसईसीएल बिलासपुर के गेवरा एवं दीपका क्षेत्र के बल सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से उपमहानिरीक्षक कार्यालय, गेवरा से एक भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ श्री रघुवीर नरेन, उप महानिरीक्षक के द्वारा हरि झंडी दिखा कर किया गया। इस अवसर पर सीआईएसएफ के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रैली में सभी ने मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लिए पूरे उत्साह एवं जोश के साथ शामिल हुए। तिरंगा बाइक रैली का उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना था।रैली उपमहानिरीक्षक कार्यालय, गेवरा से प्रारंभ होकर शक्तिनगर एवं विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए क्षेत्र के नागरिकों को राष्ट्रभक्ति का संदेश देती हुई पुनः अपने प्रारंभिक स्थल पर संपन्न हुई।

रैली के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “जय हिंद” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।इस अवसर पर इकाई प्रभारी श्री रघुवीर नरेन ने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसके सम्मान और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।

तिरंगा बाइक रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया तथा सभी कार्मिकों ने राष्ट्र की सुरक्षा, एकता एवं अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!