
दीपका। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दीपका में M.Com बेरोजगार कंप्यूटर सेंटर की ओर से मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। धार्मिक उत्साह और उमंग से भरे इस आयोजन में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में मटकी फोड़ने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं और क्षेत्रवासी शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन का आनंद लिया।
कार्यक्रम में M.Com बेरोजगार कंप्यूटर सेंटर के संचालक एवं उपभोक्ता अधिकार संगठन के जिला अध्यक्ष राहुल प्रसाद, छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल के प्राचार्य एस. आर. अमित, पूर्व वार्ड पार्षद रोहित जायसवाल, वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद आकाश साहू, दुर्गेश क्षत्रि, आशुतोष साहू, मंदिर अध्यक्ष विनय सिंह एवं हरीश कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर जन्माष्टमी के उल्लास का माहौल बना रहा।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों और युवाओं में आपसी भाईचारा, सामाजिक सहभागिता और उत्साह की भावना भी मजबूत होती है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।


