दीपका | कोयलांचल न्यूज़ दीपका नगर पालिका में नवनियुक्त एल्डरमैनों ने शपथ ग्रहण से पहले नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय बूगल कुमार दुबे के निवास पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और दीप प्रज्वलित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्वर्गीय दुबे के नगर विकास और जनसेवा में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र नमन किया।इसके बाद नगर पालिका दीपका द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण समारोह सामुदायिक भवन में संपन्न हुआ।
समारोह में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कटघोरा ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के साथ ही सभी एल्डरमैनों ने नगर के विकास और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण समारोह में दीपका क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।शपथ ग्रहण के बाद उपस्थित लोगों ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को बधाई देते हुए उनसे नगर के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई। दीपका नगर पालिका में एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण के साथ ही नगर विकास से जुड़ी नई जिम्मेदारियों की औपचारिक शुरुआत हो गई।


