हरदी बाजार/मालगांव हरदी बाजार क्षेत्र के मालगांव के भू-विस्थापितों द्वारा उचित मुआवजा एवं बसावट की मांग को लेकर SECL दीपका गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर SECL दीपका के गेट पर तालाबंदी कर विरोध दर्ज कराया।
भू-विस्थापितों के समर्थन में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना गैर-राजनीतिक संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल कुमार भी मौके पर पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
इस दौरान उमागोपाल कुमार ने SECL अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि भू-विस्थापितों के मुआवजे में किसी भी प्रकार की कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा और समुचित बसावट का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों की जमीन और आजीविका SECL परियोजनाओं के कारण प्रभावित हुई है, उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित मुआवजा, बसावट एवं अन्य जायज अधिकार सुनिश्चित किए जाने चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान भू-विस्थापितों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की और SECL प्रबंधन से मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी जायज मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

