बालोद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार, 25 अगस्त को डौण्डीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि का हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरण करेंगे।मुख्यमंत्री साय प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 महिला हितग्राहियों के खातों में कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि अंतरित करेंगे। वहीं बालोद जिले के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राहियों के खातों में 22 करोड़ 66 लाख 29 हजार 350 रुपये की राशि पहुंचेगी।

राज्य सरकार के अनुसार, रक्षाबंधन के पूर्व महतारी वंदन योजना की राशि का अंतरण कर महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण में उनके योगदान का सम्मान किया जा रहा है। योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि महिलाओं के स्वास्थ्य, चिकित्सा, पोषण तथा आर्थिक गतिविधियों में उपयोगी साबित हो रही है। कई महिलाएं इस राशि को अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में भी जमा कर रही हैं।

सरकार के मुताबिक, महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 30 किस्तों में करीब 19 हजार 444 करोड़ रुपये की सहायता राशि हितग्राहियों को प्रदान की जा चुकी है।सामान्यतः सितंबर 2026 की 31वीं किस्त का भुगतान सितंबर माह में किया जाना था, लेकिन रक्षाबंधन के पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा इसे अग्रिम रूप से जारी किया जा रहा है। मंगलवार को डौण्डीलोहारा में आयोजित समारोह के दौरान प्रदेशभर की महिला हितग्राहियों के खातों में सितंबर माह की 31वीं किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!