दीपका चौक से लेकर कटघोरा रोड तक अतिक्रमण की समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है। सड़क के दोनों किनारों पर व्यापारियों द्वारा दुकानें फैलाकर रखने के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
त्योहारी सीजन के दौरान प्रशासन ने कार्रवाई न करने का कारण त्योहारों को बताया था, लेकिन त्योहार समाप्त होने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका दीपका को कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि इस मार्ग पर जाम के कारण एक बड़े अधिकारी की गाड़ी का एक्सीडेंट भी हो चुका है, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से सख्ती नहीं दिख रही है।
रोजाना इस सड़क से गुजरने वाले लोग जाम में फंसे रहते हैं, जिससे व्यापार, आवागमन और आपात सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और भयावह हो सकती है। लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से तत्काल अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की है। अब बड़ा सवाल यही है—क्या नगर पालिका दीपका नींद से जागेगी या आम जनता यूं ही जाम की मार झेलती रहेगी।

