रंजना। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर उनके द्वारा गोद लिए गए ऐतिहासिक ग्राम रंजना में भावपूर्ण एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री रजनीश तिवारी ने समर्थकों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों के साथ पहुंचकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। रजनीश तिवारी ने ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों के साथ प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर पूर्व प्रधानमंत्री के देशहित में किए गए योगदान को याद किया।इस अवसर पर रजनीश तिवारी ने कहा कि राजीव गांधी को भारत में कंप्यूटर एवं संचार क्रांति की नींव रखने वाले दूरदर्शी प्रधानमंत्री के रूप में याद किया जाता है।
उन्होंने कहा कि आज देश जिस आधुनिक और डिजिटल दौर में आगे बढ़ रहा है, उसकी आधारशिला राजीव गांधी के कार्यकाल में रखी गई थी।उन्होंने राजीव गांधी के रंजना प्रवास को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए राजीव गांधी ने सुदूर अंचल के इस गांव का दौरा किया था और ग्रामीणों के बीच रात भी बिताई थी। उन्होंने गांव को गोद लेकर इसके विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की थी।कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने भी राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद रजनीश तिवारी ने बच्चों को मिष्ठान वितरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने “राजीव गांधी के सपनों का सशक्त, शिक्षित और आधुनिक भारत” बनाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टांकेश्वर जायसवाल, ग्राम पंचायत रंजना की सरपंच ममता मरकाम, सूरज भाई चौहान, रामकुमार, पुरुषोत्तम प्रजापति, हीरा दास, हेमू जायसवाल, दयाराम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण, वरिष्ठ नागरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

