दीपका/दीपका नगर पालिका परिषद ने CM हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र भेजकर वार्ड क्रमांक-16 (मदर टेरेसा वार्ड) की जर्जर सड़क एवं क्षतिग्रस्त नाली की शीघ्र मरम्मत कराने का आग्रह किया है।
CM हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत क्रमांक CC260600059804 के अनुसार, वार्ड-16 में एसईसीएल के अधीन आने वाली सड़क और नाली पिछले 4 से 5 वर्षों से जर्जर अवस्था में हैं। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी, दुर्घटनाओं की आशंका और बारिश के दौरान जलभराव जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका परिषद दीपका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि संबंधित सड़क एवं नाली एसईसीएल के अधीन हैं। इसलिए निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायत का निराकरण कर उसकी जानकारी CM हेल्पलाइन पोर्टल पर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
इस मुद्दे को लेकर वार्ड पार्षद हिमांशु देवांगन ने कहा कि लंबे समय से सड़क और नाली की बदहाल स्थिति के कारण वार्डवासी परेशान हैं। उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और नगर पालिका द्वारा एसईसीएल को पत्र भेजा जाना एक सकारात्मक कदम है।पार्षद ने उम्मीद जताई कि एसईसीएल प्रबंधन जल्द मरम्मत कार्य शुरू कर वार्डवासियों को राहत देगा। वहीं स्थानीय नागरिकों को भी अब वर्षों पुरानी इस समस्या के समाधान की उम्मीद बंधी है।

