कोरबा- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत रजगामार पुलिस चौकी के ग्राम बुंदेली में बुधवार दोपहर एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बुंदेली निवासी सालिक राम यादव, जो रोजी-मजदूरी का काम करता था, ने घरेलू विवाद के बाद शराब के नशे में अपनी पत्नी पर धारदार चाकू से हमला कर उसकी गर्दन काट दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी का वहशीपन यहीं नहीं रुका।बताया जा रहा है कि आरोपी ने पत्नी के कटे हुए सिर को प्लास्टिक की बोरी में रखा और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी उसी में डाल दिया। इसके बाद वह मोटरसाइकिल से पुलिस चौकी जाने के लिए निकल पड़ा। रास्ते में एक पोल्ट्री फार्म के पास रुककर उसने लोगों को खुद ही बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है।
पहले तो लोगों को उसकी बात पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब उसने बोरी खोलकर कटे हुए सिर और चाकू दिखाया, तो मौके पर हड़कंप मच गया। आरोपी ने लोगों को बताया कि उसकी पत्नी उस पर बेवजह चरित्र संदेह करती थी, जिससे वह लंबे समय से परेशान था और इसी विवाद में उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है। वहीं मृतका के शव और सिर को कब्जे में लेकर मर्ग पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया, वहीं पिता अब सलाखों के पीछे है, जिससे उनके पालन-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

