
दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका ने एसईसीएल गेवरा एवं दीपका क्षेत्र के आवासीय परिसरों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा मुख्य महाप्रबंधक एसईसीएल गेवरा/दीपका क्षेत्र को पत्र जारी कर साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, फॉगिंग और जलभराव जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि सुशासन तिहार के अंतर्गत 28 मई 2026 को जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसके पूर्व लगातार आवासीय परिसरों से सफाई व्यवस्था, पेयजल संकट एवं वर्षा ऋतु में जलभराव की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
नगर पालिका ने कहा है कि राज्य शासन की प्राथमिकताओं में जन शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए एसईसीएल प्रबंधन से नियमित साफ-सफाई, मच्छरों एवं कीटों की रोकथाम के लिए दवाइयों का छिड़काव एवं फॉगिंग कराने, पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आगामी वर्षा ऋतु से पहले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
पत्र में यह भी निर्देशित किया गया है कि आवासीय परिसरों में उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी अद्यतन किया जाए तथा की गई कार्रवाई से नगर पालिका कार्यालय को अवगत कराया जाए।
नगर पालिका द्वारा जारी इस पत्र के बाद अब लोगों की नजर एसईसीएल प्रबंधन की कार्रवाई पर टिकी हुई है, क्योंकि लंबे समय से कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर रहवासी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

