
दीपका/गेवरा।साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (इंटक) ने गेवरा परियोजना क्षेत्र में संचालित DAV पब्लिक स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर SECL प्रबंधन के समक्ष सवाल उठाए हैं।
संगठन के सचिव अनिल कुमार ने 18 जून 2026 को महाप्रबंधक, एसईसीएल गेवरा परियोजना को पत्र लिखकर स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि DAV पब्लिक स्कूल का संचालन SECL क्षेत्र में कर्मचारियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। बावजूद इसके, कई कर्मचारियों के बच्चों को प्रवेश नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिसके कारण अभिभावकों में नाराजगी और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इंटक ने प्रबंधन से गेवरा, दीपका और CEWS क्षेत्र के नियमित कर्मचारियों के बच्चों की संख्या, CISF जवानों के बच्चों की संख्या, आउटसोर्सिंग कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों की संख्या तथा आरटीई और निजी कोटे के तहत अध्ययनरत विद्यार्थियों का पूरा विवरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि यदि कर्मचारियों के बच्चों को स्कूल में प्रवेश नहीं मिल रहा है और उनकी फीस का भुगतान कंपनी द्वारा नहीं किया जा रहा है, तो ऐसे मामलों की पारदर्शी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
इंटक ने इस विषय को कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों से जुड़ा बताते हुए शीघ्र जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।अब देखना होगा कि SECL प्रबंधन इस मांग पर क्या जवाब देता है और कर्मचारियों के बच्चों के प्रवेश संबंधी समस्याओं का समाधान किस प्रकार किया जाता है।

