
जांजगीर-चांपा/ जिले के ग्राम धुरकोट में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तरबूज खाने के बाद एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य बच्चे बीमार पड़ गए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित एसडीएम को जिला चिकित्सालय जांजगीर भेजा। कलेक्टर के निर्देश पर मेडिकल टीम को गांव में प्रभावित परिवार के अन्य सदस्यों की स्वास्थ्य जांच के लिए रवाना किया गया है, वहीं तहसीलदार को पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर के अनुसार, बच्चों ने तरबूज और चिकन खाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने की शिकायत की। एक बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक अब उनकी हालत सामान्य है।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कर विसरा सुरक्षित रखा गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में अन्य लोगों की स्वास्थ्य जांच कर सतत निगरानी बनाए हुए है।फिलहाल प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और किसी भी खाद्य पदार्थ के सेवन से पहले सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।

