
दीपका/कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद पद के लिए उपचुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चुनाव में कुल 600 मतदाताओं में से 473 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखा गया और मतदान केंद्र पर लोगों की आवाजाही बनी रही।
मतदान के दौरान कुछ छोटे-मोटे विवाद और शिकायतें भी सामने आईं। कुछ लोगों ने बाहरी अथवा फर्जी मतदाताओं द्वारा मतदान करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित नहीं होने दिया।
उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे थे। सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार के दौरान पूरी ताकत झोंकी थी, जिसके कारण यह उपचुनाव क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
इधर, चुनाव को लेकर एक और विवाद भी सामने आया है। दीपका निवासी शोभा तिग्गा ने आरोप लगाया है कि उन्हें नामांकन पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया, जिसके कारण वे चुनाव नहीं लड़ सकीं। उन्होंने इस मामले में न्याय की मांग करते हुए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उनका कहना है कि उन्होंने इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर की है और मामले की सुनवाई का इंतजार कर रही हैं।
अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। उपचुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि वार्ड क्रमांक 15 की जनता ने किस प्रत्याशी पर भरोसा जताया है। राजनीतिक दलों के साथ-साथ क्षेत्रवासियों में भी परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

