बिलासपुर। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई एसईसीएल बिलासपुर में बल के जवानों एवं उनके परिवारजनों के लिए “स्ट्रेस मैनेजमेंट” विषय पर विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच मानसिक संतुलन बनाए रखने और तनाव से निपटने के प्रभावी उपायों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर शैलेंद्र माउंट एवं संजीव भाई ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर के इकाई प्रभारी एवं उप महानिरीक्षक रघुबीर नरेन द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने तनाव के कारणों, उसके प्रभावों और उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सकारात्मक सोच, आत्म-नियंत्रण, भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक शक्ति को तनावमुक्त जीवन का आधार बताया। साथ ही नियमित ध्यान, आत्मचिंतन और मेडिटेशन को मानसिक शांति के लिए आवश्यक बताया।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्राणायाम, ध्यान और मेडिटेशन के व्यावहारिक अभ्यास भी कराए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि इन गतिविधियों को दैनिक जीवन में अपनाकर व्यक्ति तनाव, चिंता और नकारात्मक विचारों पर काफी हद तक नियंत्रण पा सकता है।

बल सदस्यों और उनके परिवारजनों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे आयोजन मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ पारिवारिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम के अंत में सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर की ओर से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की टीम एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी जवानों और उनके परिवारों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!