दीपका/पार्षद निधि से स्कूल, थाना, बैंक, मंदिर, पार्क और अन्य संस्थानों को मिली सुविधा।

दीपका (कोरबा)। नगर पालिका परिषद दीपका के वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ने जनसुविधाओं को बढ़ावा देने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में सराहनीय पहल की है। उन्होंने अपनी पार्षद निधि से दीपका एवं प्रगति नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर उच्च गुणवत्ता के कास्ट आयरन (ढलवां लोहे) से निर्मित बेंच तथा बड़े आकार के पहिएदार डस्टबिन उपलब्ध कराए।

इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर बैठने की सुविधा उपलब्ध कराना तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए पर्याप्त कचरा प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

पार्षद अरुणीश तिवारी ने स्वयं विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर संबंधित संस्थाओं को बेंच एवं डस्टबिन सौंपे। इनमें प्रमुख रूप से सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल, दीपका पुलिस थाना, स्टेट बैंक, यूनियन बैंक (प्रगति नगर), पोस्ट ऑफिस (प्रगति नगर), प्रगति हाउस, दीपका हाउस, अंबेडकर पार्क, बाल उद्यान, अष्टभुजी दुर्गा मंदिर, शिव मंदिर, प्रगति नगर डिस्पेंसरी तथा स्नेह मिलन प्रगति नगर शामिल हैं।

उन्होंने सभी संस्था प्रमुखों से परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने का आग्रह भी किया।इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अरुणीश तिवारी ने कहा कि, “जिस प्रकार स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण आवश्यक है, उसी प्रकार समाज और व्यक्ति के विकास के लिए नैतिक मूल्य, सदाचार और वैचारिक स्वच्छता भी उतनी ही जरूरी है। हमें अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के प्रमुख, अधिकारी-कर्मचारी एवं नगर पालिका परिषद दीपका के कर्मचारी उपस्थित रहे।

सार्वजनिक स्थानों पर बैठने की बेहतर व्यवस्था और कचरा प्रबंधन के लिए डस्टबिन उपलब्ध होने से स्थानीय नागरिकों और संस्था प्रमुखों ने पार्षद अरुणीश तिवारी की इस जनहितैषी पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!