नई दिल्ली। हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर में एक बार फिर तनाव का माहौल है। राज्य के तेंग्नौपाल जिले के पल्लेल इलाके में शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों और उपद्रवियों के बीच गोलीबारी हो गई। सुरक्षाबल के अधिकारियों ने मामले की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि जंगल में छिपे हमलावरों ने आज सुबह करीब 6 बजे सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि, इस घटना में किसी के भी घायल होने या हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। मामले पर सुरक्षाबल पूरी तरह से नजर बनाए हुए हैं। पूरी घटना को संभालने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भी पल्लेल इलाके में भेजा जा रहा है।

एक सप्ताह की शांति के बाद, पिछले सप्ताह भी मणिपुर राज्य में हिंसा भड़क उठी। 29 अगस्त और 31 अगस्त को आदिवासी कुकी और प्रमुख मैतेई के लोगों के बीच झड़पों में कम से कम 8 लोग मारे गए और 3 इंडिया रिजर्व बटालियन कर्मियों सहित दो दर्जन से अधिक घायल हो गए। फौगाकचाओ इखाई गांव में सुरक्षा बैरिकेड को हटाने के लिए मार्च के लिए मैतेई समूहों की महिलाओं के आह्वान के बाद इलाके में पूरी तरह से कर्फ्यू लगा दिया गया है। COCOMI नामक समूह ने यह कहते हुए असम राइफल्स को मणिपुर से हटाने की मांग की है कि यह बल भेदभाव करता है। मैतेई महिला समूहों ने बल के खिलाफ कई विरोध प्रदर्शन किए हैं। इलाके में शांति लाने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स, असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस के जवानों सहित सुरक्षा बल भारी मात्रा में तैनात है।

उल्लेखनीय है कि, 3 मई को मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से ही हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इसमें अब तक 160 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। साथ ही, कई लोग अपना घर छोड़कर राहत शिविरों में जीवन बिताने के लिए मजबूर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!