दीपका। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की गंभीर स्थिति एक बार फिर उजागर हुई है। आज शाम एक महिला के हाथ में चोट लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां प्राथमिक उपचार के लिए जरूरी टिटनेस इंजेक्शन तक उपलब्ध नहीं था।

बताया जा रहा है कि घायल महिला को तत्काल इलाज की आवश्यकता थी, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र में बुनियादी सुविधा के अभाव के कारण परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र की लचर व्यवस्था पर नाराजगी जताई और जिम्मेदारों पर सवाल खड़े किए।

परिजनों का कहना है कि जब एक साधारण चोट के इलाज के लिए जरूरी इंजेक्शन तक उपलब्ध नहीं है, तो गंभीर मरीजों का क्या हाल होता होगा। यह घटना स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी मरीज को इस तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।

अब देखना यह होगा कि इस मामले में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन कितनी गंभीरता दिखाता है और व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!