दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका में मंगलवार को शासन के निर्देशानुसार ‘नमस्ते योजना’ के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत योजना के लाइव प्रसारण से हुई, जिसे प्रोजेक्टर के माध्यम से नगर पालिका परिसर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को दिखाया गया।
लाइव प्रसारण के बाद नगर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं उनकी कार्यस्थल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) किट का भी वितरण किया गया।
स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से उनका निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राजपूत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम रत्नेश, उपाध्यक्ष संगीता साहू सहित पार्षदगण, एसएलआरएम सेंटर की स्वच्छता दीदियाँ, स्वच्छता कर्मी और नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वच्छता कर्मियों के समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मियों को भविष्य में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

