कोरबा। कोतवाली थाना परिसर में फिल्मी अंदाज में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक महिला को भारी पड़ गया। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी निवासी उषा मिश्रा ने 11 सितंबर की शाम अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में वह कोतवाली थाना परिसर में ‘आज जेल होई, कल बेल होई’ गाने पर डांस करते हुए रील बनाती नजर आईं।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के खिलाफ BNSS की धारा 126 और 135(3) के तहत मामला दर्ज किया है।वीडियो वायरल होने के बाद महिला ने एक और वीडियो जारी कर पुलिस से माफी मांगी।
महिला का कहना है कि रील केवल मनोरंजन के उद्देश्य से बनाई गई थी और उसका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था।सार्वजनिक जगहों पर रील बनाने वालों को पुलिस की नसीहत पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों और विशेषकर पुलिस परिसर में इस तरह की गतिविधियों से बचने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के चक्कर में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक मर्यादा प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचना जरूरी है।सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज की चाहत में बनाई गई रील अब महिला के लिए कानूनी कार्रवाई की वजह बन गई है।

