कोरबा। बिलासपुर रेलवे स्टेशन में लंबे समय तक खड़ी रहने वाली चार एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन को कोरबा अथवा गेवरारोड रेलवे स्टेशन तक विस्तारित करने की मांग उठी है। इस संबंध में साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (इंटक) के केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार, 22 अगस्त 2026 को कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत को ज्ञापन सौंपा।

इंटक ने ज्ञापन के माध्यम से रीवा-बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस (18247-48), नर्मदा एक्सप्रेस (18233-34), भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस (18235-36) और चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस (18257-58) का विस्तार कोरबा/गेवरारोड तक करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि इनमें से कई ट्रेनें बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर लंबे समय तक खड़ी रहती हैं। इंटक के अनुसार नर्मदा एक्सप्रेस का बिलासपुर में ठहराव करीब 21 घंटे 45 मिनट, भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस का करीब 19 घंटे 20 मिनट और चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस का करीब 19 घंटे 10 मिनट है। वहीं रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस के ठहराव को करीब 10 घंटे बताया गया है।

इंटक ने अपने ज्ञापन में कहा है कि कोरबा जिला प्रदेश का प्रमुख कोयला उत्पादन क्षेत्र है। एसईसीएल की गेवरा, कुसमुंडा, दीपका और कोरबा परियोजनाओं में मध्यप्रदेश के कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर सहित छत्तीसगढ़ के कोरिया तथा एमसीबी जिले से बड़ी संख्या में कर्मचारी और भू-विस्थापित परिवार जुड़े हुए हैं।यूनियन के मुताबिक इन चारों क्षेत्रों में करीब 12 हजार से अधिक श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में यदि इन ट्रेनों का विस्तार कोरबा अथवा गेवरारोड तक किया जाता है, तो कर्मचारियों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।

गोपाल नारायण सिंह ने कहा कि बिलासपुर में ट्रेनों के लंबे ठहराव के दौरान उन्हें कोरबा/गेवरारोड तक चलाया जा सकता है। इससे रेल यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और कोरबा के औद्योगिक एवं ऊर्जा क्षेत्र को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।इंटक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद ज्योत्सना महंत से मांग की है कि वे इस मामले को रेलवे मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर चारों ट्रेनों के विस्तार की दिशा में पहल करें।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय कोषाध्यक्ष संदीप चौधरी, कुसमुंडा क्षेत्र अध्यक्ष बी.एल. महंत (राजवीर), महासचिव राजू लाल सोनी सहित महेंद्र पाल यादव, उवैश अहमद, निर्मल चंद्रा, मंतोष कुमार, अश्वनी साहू, सियाराम साहू, लखन श्रीवास, शैलेंद्र सिंह, विनय गुप्ता और भुनेश्वर साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!