दीपका (कोरबा)। कोयलांचल नगरी दीपका में सार्वजनिक परिवहन की बदहाल व्यवस्था को लेकर नगर पालिका परिषद दीपका के वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।

उन्होंने कोरबा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दीपका से चार प्रमुख मार्गों पर सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।पार्षद अरुणीश तिवारी ने अपने ज्ञापन में कहा है कि दीपका एक प्रमुख औद्योगिक और घनी आबादी वाला क्षेत्र है, लेकिन यहां आज भी आम लोगों के लिए पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं है। इसके चलते छात्र-छात्राओं, श्रमिकों, कर्मचारियों, मरीजों और आम नागरिकों को प्रतिदिन आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों को मजबूरी में निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है, जहां अधिक किराया देना पड़ता है।उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए दीपका से कोरबा, कटघोरा, बलौदा और पाली तक नियमित सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।

उनका कहना है कि इन मार्गों पर बस सेवा शुरू होने से न केवल दीपका नगर बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा मिलेगी।पार्षद तिवारी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण जनहित की मांग पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के मुख्यमंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री तथा छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव को भी प्रेषित की गई है।

लोगों को उम्मीद है कि लंबे समय से चली आ रही परिवहन समस्या का समाधान करते हुए जल्द ही दीपका से विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सिटी बस सेवा शुरू करने की दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!