कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक और जनदर्शन के दौरान अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ आम नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा ।में उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों के समय पर संचालन और चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति पर विशेष जोर दिया।

वहीं जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने शासन की स्वास्थ्य योजनाओं और विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने ‘हमर स्वस्थ छत्तीसगढ़’ योजना के तहत सितंबर माह तक शत-प्रतिशत स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। टीबी, कुष्ठ, मलेरिया और सिकल सेल सहित विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के स्वास्थ्य की नियमित जांच करने को कहा गया।

कलेक्टर ने बीएमओ और बीसीएम को घर-घर जाकर रैंडम स्वास्थ्य जांच करने तथा बीमारी की पहचान होने पर आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मीजल्स-रूबेला टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने पर जोर दिया।समय पर खुले स्वास्थ्य केंद्रकलेक्टर ने सभी अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चिकित्सक निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचकर मरीजों का उपचार करें। इसके साथ ही उप स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को भी निर्धारित समय पर खोलने तथा मरीजों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्र समय पर नहीं खुलने अथवा सेवाओं में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बैठक में आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी, पीवीसी कार्ड वितरण, टीबी कार्यक्रम, लेप्रोसी, गैर-संचारी रोग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सिकल सेल, डेंगू, स्वाइन फ्लू, मीजल्स-रूबेला सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने मौसमी बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य अमले को सतर्क रहने और संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी दिन आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए।इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की लंबित राशि का भुगतान, बिजली बिल में सुधार, ऋण पुस्तिका प्रदान करने, अंत्योदय राशन कार्ड, दिव्यांग एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लंबित वेतन एवं मानदेय भुगतान, अभिलेखों में त्रुटि सुधार, रिकॉर्ड दुरुस्ती, मुआवजा प्रकरणों की जांच, अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक तथा पात्र लोगों को आजीविका के साधनों से जोड़ने से संबंधित आवेदन शामिल रहे।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का गंभीरता और प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन के प्रावधानों के अनुसार जल्द लाभ और राहत उपलब्ध कराई जाए तथा प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो।इस दौरान सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर ओंकार यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!