Oplus_16908288

कोरबा / हरदीबाजार:साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की दीपका विस्तार परियोजना को लेकर हरदीबाजार क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार तड़के भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमले की तैनाती के बीच SECL प्रबंधन ने हरदीबाजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के भवन को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया।

इस कार्रवाई के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और शनिवार को कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने SECL के दीपका जीएम कार्यालय का घेराव कर तालाबंदी कर दी।

शुक्रवार सुबह जब लोग सोकर उठे, तब तक भारी सुरक्षा बलों की मौजूदगी में अस्पताल भवन को ध्वस्त किया जा चुका था। ग्रामीणों ने इस एकतरफा कार्रवाई का कड़ा विरोध किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक मुआवजा, रोजगार, बसाहट और समुचित पुनर्वास जैसे बुनियादी मुद्दों का स्थायी समाधान नहीं निकल जाता, तब तक इस तरह की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पूरी तरह अनुचित है।

ग्रामीणों का आरोप है कि भूमि अधिग्रहण के मुआवजा निर्धारण और पत्रक में भारी गड़बड़ियां हैं। पुनर्वास की धीमी रफ्तार,विस्थापित परिवारों के पुनर्वास और नई बसाहट की प्रक्रिया बेहद सुस्त है, जिससे परिवारों का भविष्य अधर में लटका है।अधिग्रहण के बदले प्रभावित परिवारों को तय नियमों के तहत स्थायी रोजगार देने की मांग लंबित है।

दीपका GM कार्यालय में तालाबंदी, विधायक भी रहे मौजूद

अस्पताल तोड़े जाने और मांगों की अनदेखी से नाराज हरदीबाजार एवं आसपास के सैकड़ों ग्रामीण दीपका स्थित मुख्य महाप्रबंधक (GM) कार्यालय पहुंचे। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की मौजूदगी में ग्रामीणों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक 18 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों के अधिकारों की रक्षा नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

दीपका क्षेत्र में करीब 18 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण और परियोजना विस्तार को लेकर चल रहे इस विवाद पर SECL प्रबंधन और जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रबंधन व ग्रामीणों के बीच गतिरोध के चलते क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!