कोरबा/गेवरा। एसईसीएल गेवरा परियोजना में बीती दरमियानी रात सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे से 11:30 बजे के बीच एसएस-1 बैकअप सेक्शन में लगभग 20 लोगों के समूह ने कथित तौर पर चोरी की नीयत से प्रवेश किया।

बताया जा रहा है कि मौके पर तैनात सीआईएसएफ जवान कृष्णा और एसईसीएल के फोरमैन जगन्नाथ पटेल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों के साथ कथित रूप से हाथापाई हुई और सीआईएसएफ जवान को चोट आई।

घटना के दौरान हमलावर मौके से मोबाइल फोन और केबल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं।

यदि प्रारंभिक जानकारी सही पाई जाती है, तो यह घटना न केवल खदान क्षेत्र की सुरक्षा बल्कि सीआईएसएफ के जवानों पर हमले जैसे गंभीर पहलुओं को भी सामने लाती है।

फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।घटना को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत बयान और पुलिस कार्रवाई का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!