दीपका/गेवरा।नवीन वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में सीआईएसएफ यूनिट एसईसीएल बिलासपुर के अंतर्गत दीपका एवं गेवरा में तैनात बल सदस्यों द्वारा गेवरा क्षेत्र में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उप महानिरीक्षक श्री निर्विकार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उप महानिरीक्षक महोदय ने उपस्थित जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं बल्कि जलवायु संतुलन, जैव विविधता संरक्षण एवं आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं।
उन्होंने सभी जवानों से पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर CISF बल सदस्यों द्वारा कुल 501 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जिनमें साल, नीम, अमरूद, बाँस, शहतूत, अशोक सहित अन्य छायादार एवं फलदार पौधे शामिल रहे। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए नए वर्ष की सकारात्मक एवं पर्यावरण हितैषी शुरुआत की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में CISF के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में अनुशासन, उत्साह एवं पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। यह वृक्षारोपण अभियान न केवल हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल है, बल्कि समाज को भी प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश देता है।

