
दीपका/कोरबा। मानसून से पहले प्रगति नगर आवासीय परिसर की समस्याओं को लेकर नगर पालिका परिषद दीपका के पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी एक्शन मोड में नजर आए।
उन्होंने एसईसीएल दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी की जर्जर स्थिति और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।पार्षद ने ज्ञापन में बताया कि प्रगति नगर आवासीय परिसर के कई मकान लंबे समय से मरम्मत के अभाव में जर्जर हो चुके हैं। बारिश के दौरान छतों से पानी टपकने, दीवारों में सीलन और अन्य समस्याओं से रहवासी परेशान होते हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो मानसून में बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।
ज्ञापन में अष्टभुजी दुर्गा मंदिर के पास स्थित तालाब की बदहाल स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। तालाब में फैली जलकुंभी और नालियों में जमा गंदगी के कारण जल निकासी बाधित हो रही है। पार्षद ने चेतावनी दी कि बारिश शुरू होने से पहले सफाई नहीं हुई तो कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाएगा।
गौरतलब है की जलकुंभी निकासी के लिए सिविल विभाग द्वारा टेंडर जारी किया गया था मगर समस्या जस की तस बनी हुई है।
इसके अलावा कॉलोनी में बढ़ी झाड़ियों और गंदगी के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के निकलने की शिकायतों को गंभीर बताते हुए उन्होंने फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं के नियमित छिड़काव की मांग की।
पार्षद अरुणीश तिवारी ने प्रबंधन से मांग की है कि मानसून से पहले आवासों की मरम्मत, तालाब एवं नालियों की सफाई, फॉगिंग और पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।स्थानीय निवासियों ने पार्षद की इस पहल का स्वागत किया है। अब सभी की नजर एसईसीएल प्रबंधन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।


