शाजी थामस
कोरबा: मुख्यमंत्री आदरणीय विष्णु देव साय के कोरबा प्रवास के दौरान सीएसईबी मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री विवाह समारोह एवं लोकार्पण कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्य समिति सदस्य और नगर पालिका परिषद दीपिका पार्षद अरुणीश तिवारी और पत्रकार नितेश शर्मा ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने एसईसीएल गेवरा क्षेत्र द्वारा मुआवजा और पुनर्वास नीति में किए जा रहे अन्याय की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास में अन्याय का मुद्दा
नितेश शर्मा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनकी खुद की भूमि पर एसईसीएल द्वारा अधिग्रहण कर खदान शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही उनका घर भी गिरा दिया गया लेकिन आज तक मुआवजा और बसाहट की कोई व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने इसे क्षेत्रवासियों के साथ हो रहे अन्याय का उदाहरण बताते हुए मुख्यमंत्री से इस पर तत्काल संज्ञान लेने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे का अध्ययन करेंगे और उचित समाधान के लिए पहल करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुंडापार हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल का भी स्वागत किया गया।
इस अवसर पर नितेश शर्मा ने मुआवजा और पुनर्वास नीति की समस्याओं को लेकर ज्ञापन की एक प्रति प्रभारी मंत्री और जिला कलेक्टर को भी सौंपी।इस कार्यक्रम के जरिए गेवरा क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास से जुड़ी समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाया गया। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन से उनकी समस्याओं का समाधान निकलेगा।
