दीपका/कोरबा, 1 मई 2025। कोरबा पुलिस ने दीपका खदान क्षेत्र में सक्रिय कोयला चोरी के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ओवरलोडिंग की आड़ में कोयला चोरी कर परिवहन करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में कोयला और वाहन भी जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2025 की रात थाना दीपका की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दीपका खदान से चोरी का कोयला तीन ट्रेलरों में ओवरलोड कर बिलासपुर की ओर भेजा जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सिरकी मोड़ के पास घेराबंदी कर तीनों ट्रेलरों को पकड़ लिया। जांच के दौरान ट्रेलरों में करीब 57 टन चोरी का कोयला अवैध रूप से लदा पाया गया। इसके बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई, जिसमें पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कोयला लोडिंग कराने वाला, ट्रांसपोर्टर, चालक और खरीदार शामिल हैं: रौनक गुप्ता (दीपका) सरफराज खान उर्फ पम्मी (दीपका) मुकेश चौधरी (झारखंड) सुजीत सिंह (बिहार, हाल मुकाम दीपका) मुबारक खान (मध्यप्रदेश) अर्जुन बंसल (कोरिया) जब्त सामग्री 215 टन कोयला 3 ट्रेलर 1 पेलोडर (SDL) जब्त ट्रेलरों के नंबर: CG 10 BX 0792, CG 10 BX 8288, CG 10 BY 8288 पेलोडर नंबर: CG 07 CS 2199
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। थाना दीपका में अपराध क्रमांक 168/2026 पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे मामले में जो भी व्यक्ति प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दीपका क्षेत्र में कोयला चोरी के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिससे अवैध खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

