कोरबा। एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक एवं हाल ही में निदेशक तकनीकी (डीटी) पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। यह खबर सामने आते ही पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार त्यागी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए सिंगरौली जा रहे थे। बीते देर रात यात्रा के दौरान उनका सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि हाल ही में उन्हें एसईसीएल गेवरा एरिया के महाप्रबंधक पद से पदोन्नत कर निदेशक तकनीकी (डीटी) की नई जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वे अपनी नई पदस्थापना जॉइन करने के लिए गेवरा से रवाना हुए थे, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसईसीएल के अधिकारी, कर्मचारी और उनके शुभचिंतक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। उनके निधन की खबर से एसईसीएल परिवार और कोरबा जिले में गहरा शोक व्याप्त है।

अरुण कुमार त्यागी को एक कुशल प्रशासक, अनुभवी अधिकारी और सौम्य व्यक्तित्व के रूप में याद किया जा रहा है। एसईसीएल के सीएमडी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।उनके आकस्मिक निधन से कोयला उद्योग जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!