अकलतरा/जांजगीर-चांपा। अकलतरा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक संवेदनशील मामले का खुलासा होने का दावा किया गया है। पुलिस ने पंजाब निवासी 23 वर्षीय युवक सेवक सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क के संपर्क में रहने और संवेदनशील जानकारियां साझा करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार सेवक सिंह अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। सत्यापन अभियान के दौरान पूछताछ में उसके जवाब संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की। प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान, सऊदी अरब सहित अन्य विदेशी नंबरों से बातचीत, व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल गतिविधियों के साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अकलतरा थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 एवं 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान स्थित आईएसआई समर्थित तत्वों के संपर्क में था। वह व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगातार संवाद कर रहा था। आरोप है कि वह छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थलों, वाहनों के नंबर तथा फोटो-वीडियो जैसी सूचनाएं साझा कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि विस्तृत तकनीकी जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान मिली सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर की गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!