दीपका, कोरबा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सौहार्द को सहेजने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं हमर छत्तीसगढ़ महतारी सेवा समिति द्वारा 30 अगस्त 2026, रविवार को दीपका में प्रदेश स्तरीय ‘जबर भोजली रैली’ का आयोजन किया जाएगा।

लगातार सातवें वर्ष आयोजित होने वाली इस रैली में प्रदेशभर से सर्व समाज और आमजन के शामिल होने की उम्मीद है।आयोजन समिति के अनुसार, रैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा, कला, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

रैली में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक कलाओं और सांस्कृतिक झांकियों का विशेष आकर्षण रहेगा।रैली का शुभारंभ (सकलाबो) सुबह 11 बजे गेवरा स्टेडियम स्थित वैष्णो देवी मंदिर से होगा। इसके बाद रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए प्रगतिनगर दीपका स्थित जुना तालाब पहुंचेगी, जहां इसका समापन (सिराही) किया जाएगा।

रैली में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में राउत नाचा, सुआ नाचा, पंथी नाचा और मंजरी नाचा सहित विभिन्न लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा नवदुर्गा झांकी और अन्य पारंपरिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।वहीं छत्तीसगढ़ी गीतों की धुन पर डीजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ रैली में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिलेगा।आयोजक छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने प्रदेशवासियों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होकर छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपराओं के इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

आयोजन का संदेश “जात-पात के करव बिदाई, छत्तीसगढ़िया भाई-भाई” रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!