
कोरबा/दीपका। दीपका नगर पालिका क्षेत्र में 84 लाख रुपए की लागत से लगाए गए स्ट्रीट लाइट पोल अब सवालों के घेरे में आ गए हैं। जिस काम को विकास का मॉडल बताया जा रहा था, वही अब कथित भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण की कहानी बयां करता नजर आ रहा है।
वार्ड क्रमांक 1 में हल्की बारिश के बाद ही लाखों रुपए की लागत से लगाए गए कई स्ट्रीट लाइट पोल झुक गए। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि पोल को खड़ा करने के लिए जिस कंक्रीट बेस का इस्तेमाल किया गया, उसकी गुणवत्ता कितनी कमजोर थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले में पहले भी शिकायत की गई थी और नगर पालिका प्रशासन ने जांच कराने की बात कही थी। लेकिन अब लोगों का आरोप है कि जांच की जरूरत ही नहीं बची, क्योंकि प्रकृति ने खुद इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी है।बारिश के बाद झुके पोल यह बताने के लिए काफी हैं कि निर्माण कार्य में किस स्तर की लापरवाही बरती गई।
सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर 84 लाख रुपए खर्च होने के बाद भी इतना कमजोर काम कैसे किया गया?क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यदि समय रहते इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा भी हो सकता है। बारिश और तेज हवा के दौरान यह झुके हुए पोल कभी भी गिर सकते हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
अब जनता पूछ रही है कि क्या नगर पालिका प्रशासन जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई करेगा… या फिर यह मामला भी सिर्फ जांच के आश्वासन तक सीमित रह जाएगा।


