दीपका/कोरबा।दीपका क्षेत्र में कार्यरत कलिंगा कमर्शियल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कर्मचारियों ने वेतन भुगतान को लेकर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने SECL दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक को अर्धनग्न हो कर ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया है कि कंपनी द्वारा छमाही सुपरवाइजर, मैकेनिक एवं हेल्पर सहित विभिन्न श्रेणी के कर्मचारियों को कोल इंडिया की हाई पावर कमेटी (HPC) द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है।ज्ञापन में कहा गया है कि यह स्थिति श्रम नियमों एवं अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन है। कर्मचारियों ने मांग की है कि उन्हें HPC द्वारा निर्धारित वेतनमान के अनुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाए।कर्मचारियों ने प्रबंधन को 9 जून से 13 जून 2026 तक पांच दिनों का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो 14 जून 2026 से कंपनी का कार्य पूरी तरह बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।ज्ञापन के अनुसार हड़ताल के दौरान कर्मचारी धरना-प्रदर्शन करेंगे। साथ ही कर्मचारियों ने यह भी कहा है कि हड़ताल के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की नैतिक एवं वैधानिक जिम्मेदारी प्रशासन, SECL प्रबंधन एवं कंपनी प्रबंधन की होगी।कर्मचारियों ने अपने ज्ञापन के साथ वह पत्र भी संलग्न किया है, जिसमें SECL प्रबंधन द्वारा KCCL को HPC दरों के अनुसार भुगतान करने के निर्देश दिए जाने का उल्लेख किया गया है।यदि कर्मचारियों की मांगों का समय पर समाधान नहीं हुआ और हड़ताल शुरू हुई, तो दीपका परियोजना में कोयला उत्पादन एवं परिवहन कार्य प्रभावित हो सकता है, जिससे SECL के संचालन पर भी असर पड़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!