सदस्यता को लेकर यूनियन प्रतिनिधियों में तीखी बहस, अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला हुआ शांत
गेवरा/कोरबा। गेवरा एरिया में सदस्यता सत्यापन के बाद अब गेवरा खदान क्षेत्र के प्रोजेक्ट स्तर पर सदस्यता प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रोजेक्ट स्तर के पहले दिन ही मुकाबला बेहद रोमांचक नजर आया। सामने आए आंकड़ों के अनुसार INTUC और AITUC दोनों को 295-295 सदस्यता मिली है और दोनों संगठन फिलहाल बराबरी पर आ गए हैं।पहले एरिया स्तर पर बढ़त बनाने वाली SEKMC INTUC के लिए प्रोजेक्ट स्तर का पहला दिन हालांकि बराबरी पर खत्म हुआ। वहीं AITUC ने भी 295 सदस्यता के साथ अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। ऐसे में आने वाले दिनों में दोनों संगठनों के बीच मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।
सदस्यता प्रक्रिया के दौरान प्रलोभन देने के आरोप-प्रत्यारोप को लेकर यूनियन प्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस की स्थिति भी सामने आई। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए जाने के बाद माहौल कुछ समय के लिए गरमा गया।स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद मामला शांत कराया गया और सदस्यता प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।
गेवरा एरिया में दो दिनों के सत्यापन के बाद INTUC ने 121 सदस्यता के साथ प्रथम स्थान हासिल किया था। लेकिन अब प्रोजेक्ट स्तर पर पहले ही दिन INTUC और AITUC 295-295 की बराबरी पर पहुंच गए हैं।ऐसे में बड़ा सवाल यही है—क्या INTUC अपनी बढ़त फिर हासिल करेगा या AITUC मुकाबले में आगे निकल जाएगा?गेवरा प्रोजेक्ट में सदस्यता का अगला दौर अब दोनों संगठनों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। बराबरी के इस मुकाबले ने गेवरा के श्रमिक राजनीति के मैदान में रोमांच और बढ़ा दिया है।

