दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका एक बार फिर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में है। कटघोरा रोड क्षेत्र में पिछले 15–20 दिनों से करीब 20 नई स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं, जिससे क्षेत्र में अंधेरा और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

वार्ड क्रमांक 01 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने इस गंभीर समस्या को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने पत्र में बताया कि लाइट बंद होने के कारण शाम होते ही पूरा मार्ग अंधेरे में डूब जाता है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पार्षद ने प्रशासन से आग्रह किया है कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्ट्रीट लाइट सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

गौरतलब है कि नगर पालिका दीपका में लाइट व्यवस्था को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। कहीं 84 लाख रुपए के एलईडी लाइट घोटाले की चर्चा है, तो कहीं बिना जांच के भुगतान किए जाने के आरोप लग रहे हैं। इसके अलावा पहले लगाए गए कई स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट भी बंद पड़े होने की शिकायतें मिल रही हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाइट व्यवस्था के नाम पर भारी अनियमितताएं हुई हैं, जिसके चलते नगर पालिका प्रशासन चारों तरफ से घिरता नजर आ रहा है। लगातार सामने आ रहे मामलों ने पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब देखना यह होगा कि नगर पालिका परिषद दीपका इन आरोपों और समस्याओं पर क्या कदम उठाती है और कब तक आम जनता को इस समस्या से राहत मिल पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!