दीपका। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कोयलांचल नगरी दीपका के प्रगतिनगर में जिले के बहुप्रतीक्षित और ऐतिहासिक मटकी फोड़ महोत्सव (दही हांडी प्रतियोगिता) का भव्य आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग जुटे और गोविंदा टोलियों के रोमांचक प्रदर्शन का आनंद लिया। प्रतियोगिता में अड़ी कछार की टीम ने बाजी मारते हुए रात 11:40 बजे दही हांडी फोड़कर प्रथम स्थान हासिल किया और 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार अपने नाम किया।

आयोजकों के अनुसार, यह महोत्सव पिछले 27 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान जिले और प्रदेश की कई नामी गोविंदा टोलियां प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी हैं। इस वर्ष भी छह से अधिक प्रमुख टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपना दमखम दिखाया। विजेता अड़ी कछार की टीम के अलावा पूर्व विजेता अन्ना हजारे हरदीबाजार, बलगी कॉलोनी और पोलमी की टीमों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

महोत्सव में बच्चों के लिए भी विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें एकल मटकी फोड़ प्रतियोगिता और कुर्सी दौड़ प्रमुख रही। नन्हे-मुन्ने प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के बाद अतिथियों द्वारा बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत संयोजक रजनीश तिवारी और उनकी टीम द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद आयोजन के महत्व और इतिहास पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में एसईसीएल दीपका क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक अमित सक्सेना, जीएम माइनिंग दीपका परियोजना एन.के. साहू, जीएम माइनिंग गेवरा परियोजना पार्थो मुखर्जी, सीनियर मैनेजर संतोष सिन्हा, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी, महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती आभा सक्सेना एवं अर्चना सिन्हा तथा सीनियर मैनेजर लोकेश माले सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ी दही हांडी प्रतियोगिता युवाओं में उत्साह, सामूहिकता और शारीरिक सक्रियता की भावना को बढ़ावा देती है।

महोत्सव के मुख्य संरक्षक अरुणीश तिवारी ‘दादा भाई’ ने कहा कि पिछले 27 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस महोत्सव को जिले और प्रदेश की गोविंदा टोलियों की भागीदारी ने विशेष पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि कोयलांचल क्षेत्र के लोगों का लगातार मिल रहा स्नेह और आशीर्वाद ही इस आयोजन की सफलता का आधार है। उन्होंने आने वाले वर्षों में महोत्सव को और अधिक भव्य एवं समावेशी बनाने की बात कही।

आयोजन में सांसद प्रतिनिधि पोषक दास महंत, पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवचरण राठौर, श्रमिक नेता सतीश राठौर, बनवारी चंद्रा, धर्मेंद्र शुक्ला, रोहित राठौर, आलोक शर्मा, मदन राजपूत, ठाकुर राम साहू, बंसी राठौर, ओम प्रकाश जायसवाल, अशोक यादव, कुलदीप सिंह, संतोष सिंह, अभिषेक सिंह, ज्ञान जायसवाल, अरविंद सिंह, राजेश यादव, ललित राठौर, विशाल अग्रवाल, गोविंद यादव, धीरेन तिवारी, संतोष निराला, हिमांशु देवांगन, कमलेश जायसवाल, अविनाश यादव, ऋषि सिदार, उत्तम दुबे, राजेश साहू, हेमचंद्र सोनी, नितेश शर्मा, निमेष अग्रवाल, राजकुमार चंद्रा, लिटी दादा, राधेश्याम सिंह, गजेंद्र सिंह, अब्दुल रहमान बाबा, हितेश अग्रवाल, घनश्याम दास, योगेंद्र तिवारी, विनोद कर्स, राजीव तिवारी, कमलेश खूंटे, मृत्युंजय चौबे, खगेश बरेठ, सजी मैथ्यू, हीरा राठौर और अमन शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में राजकुमार चंद्रा और नितेश अग्रवाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं मंच का संचालन शिवचरण राठौर, सतीश राठौर और धर्मेंद्र शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में राजेश गुरुद्वान ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कराई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद संयोजक रजनीश तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी टीमों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!