हरदीबाजार। ग्राम पंचायत मुरली में उद्यान विभाग के द्वारा वृहद फलदार पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल शामिल हुए।

उन्होंने फलदार पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं गांव में हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के फलदार पौधों का रोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण में हिस्सा लिया।

इस दौरान ग्रामीणों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।इस अवसर पर ग्राम पंचायत मुरली के सरपंच शंकर कंवर ने अपने संबोधन में कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। आज लगाए गए फलदार पौधे आने वाले समय में गांव की हरियाली बढ़ाने के साथ लोगों को फल एवं स्वच्छ वातावरण प्रदान करेंगे।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर एवं सुरक्षित भविष्य तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम में उपसरपंच राजकुमार उइके, सचिव संत मरकाम, पंच बसंत कुमार कंवर, फिरन सिंह, सम्मार धनवार, बाबूलाल, इन्द्रपाल सिंह, रोहणी पोर्ते, राजकुमारी, शत्रुहन पोर्ते, सहित उद्यान विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!